अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। जिले के राशन कार्ड उपभोक्ताओं को बायोमीट्रिक सिस्टम से राशन मिलेगा। इस संदर्भ में जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विभाग ज्यादा से ज्यादा राशन बायोमीट्रिक ट्रांजेक्शन से उपभोक्ताओं तक पहुंचाना चाहता है। इसके लिए विभाग ने सर्वप्रथम जिला के प्रत्येक ब्लॉक से पांच-पांच पंचायतों का चयन किया है। इन पंचायतों में शत प्रतिशत बायोमीट्रिक ट्रांजेक्शन करवाने के लिए विभाग पूरी तरह जुट गया है। विभाग की ओर से बायोमीट्रिक सिस्टम से राशन देने का मकसद राशन आवंटन में और अधिक पारदर्शिता लाना है। इसके लिए जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग चंबा ने विकास खंड चंबा से धड़ोग, उदयपुर, सिढ़कुंड, भद्रम और पुखरी, मैहला ब्लॉक से राड़ी, मंगला, गुराड़, जांघी और गागला डिपु को चुना है। इसके अलावा तीसा ब्लॉक में जसौरगढ़, दयोला, कुठेड़बुदोड़ा, हरतवास, सिद्दोट और भटियात ब्लॉक से चुवाड़ी, साडल, कामला, बाथरी और खरगट डिपो को चुना गया है। सलूणी ब्लॉक से राशन डिपो डियूर, बंजवाड़, सलूणी, नरोही और चमोह को चयनित किया गया है। विभाग ने यह भी व्यवस्था की है कि जहां उपभोक्ताओं को बायोमीट्रिक सिस्टम से राशन मिलेगा तो वहीं उपभोक्ता इसका बिल भी डिपो होल्डर से लेना सुनिश्चित करें।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग चंबा के नियंत्रक विजयेंद्र सिंह नरयाल ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि जिले के डिपुओं में बायोमीट्रिक ट्रांजेक्शन के जरिए राशन का आवंटन इसी माह से शुरू किया जा रहा है। इसके लिए विभाग ने हरेक ब्लॉक से पांच-पांच डिपुओं का चयन किया है, जहां शत प्रतिशत बायोमीट्रिक ट्रांजेक्शन विभाग ने करवाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे राशन की खरीद पर बिल जरूर लें।