भरमौर(चंबा)। पवित्र मणिमहेश यात्रा पर खराब मौसम का असर पड़ा है। एहतियातन रोकी गई यात्रा से श्रद्धालुओं को अब मौसम खुलने का इंतजार करना होगा। शुक्रवार को सुबह से ही यात्रियों के जत्थे उत्साह से शिव के जयघोष करते आगे बढ़ते रहे। लेकिन दोपहर को यात्रा रोकने से यात्रियों की मुसीबत बढ़ गई है। हालांकि प्रशासन ने मौसम साफ होते ही यात्रा बहाल करने का भरोसा दिलाया है।
गौरतलब हो कि पवित्र मणिमहेश यात्रा पर देश के कोने-कोने से शिवभक्त पवित्र डल में डुबकी लगाने के लिए पहुंचते हैं। अधिकारिक तौर पर दो सितंबर से पवित्र मणिमहेश यात्रा का आगाज हुआ है। हालांकि, अगस्त माह से लेकर सितंबर माह तक हजारों की तादाद में शिवभक्त पवित्र डल में डुबकी लगा कर वापसी भी कर चुके हैं। 2 से 3 सितंबर तक आयोजित छोटे शाही स्नान के बाद से पवित्र मणिमहेश यात्रा पर आने वाले शिवभक्तों की संख्या में दिन प्रतिदिन इजाफा हो रहा है। वीरवार देर रात से शिवनगरी में बारिश का क्रम रुक-रुक कर जारी रहा। वहीं, शुक्रवार दोपहर एक बजे के करीब मणिमहेश यात्रा पर प्रशासन ने अधिकारिक तौर पर रोक लगा दी गई है। मूसलाधार बारिश के बाद मणिमहेश यात्रा के तहत आने वाले विभिन्न पड़ावों पर अत्यधिक धुंध होने के चलते ही इस प्रकार की नौबत पेेश आई है। बहरहाल, श्रद्धालुओं की सहूलियत को देखते हुए प्रशासन द्वारा यात्रियों को विभिन्न पड़ावों पर ही ठहरने की हिदायत दी गई है। अब मणिमहेश यात्रा मौसम के खुलने के बाद आरंभ होगी।