चंबा। चंबा मेडिकल कॉलेज में अब मरीजों को रात आठ बजे तक जन औषधि केंद्र में दवाइयां मिलेंगी। इसके लिए प्रबंधन ने जन ओषधि केंद्र में फार्मासिस्ट तैनात कर दिए हैं। इससे मरीजों को रात के समय भी सस्ती और जेनेरिक दवाइयां मिल सकेंगी। इससे पहले मरीजों को पांच बजे के बाद केमिस्टों से दवाइयां खरीदनी पड़ती थी। इस संबंध ने अस्पताल प्रबंधन ने निर्देश जारी कर दिए हैं।
कुछ दिन पहले केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने चंबा मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया था।
इस दौरान उन्होंने मरीजों से अस्पताल में मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में भी पूछा था। मरीजों और तीमारदारों ने राज्य मंत्री को शाम पांच बजे के बाद जन औषधि केंद्र बंद होने की समस्या से अवगत करवाया। इसके पर संज्ञान लेते हुए राज्य मंत्री ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए थे कि जन औषधि केंद्र रात आठ बजे तक खुला रखा जाए। ताकि मरीजों को सस्ती और जेनेरिक दवाइयां उपलब्ध करवाई जाएं।
प्रधानमंत्री ने जन औषधि केंद्र के जरिये लोगों को सस्ती दवाइयां उपलब्ध करवाने का संकल्प लिया है। राज्यमंत्री के निर्देशानुसार अस्पताल प्रबंधन ने केंद्र को रात आठ बजे तक खुला रखने का निर्णय लिया है। मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. अनिल ओहरी ने बताया कि अस्पताल में संचालित जन औषधि केंद्र अब रात आठ बजे तक खुला रहेगा। मरीजों को जन औषधि केंद्र में सस्ती और जेनेरिक दवाइयां उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसके लिए प्रबंधन विशेेष प्रयास कर रहा है।