अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। सैली गांव में एक महिला की खाई में गिरने से मौत हो गई। मृत्तिका की पहचान मांगती देवी पत्नी मांगता राम निवासी गांव सैली डाकघर भड़ियां कोठी के रूप में हुई है। मामला मंगलवार का है जब महिला गांव के साथ लगती पहाड़ी में भेड़ बकरियों को चरा रही थी। इसी दौरान अचानक उसका पांव फिसल गया और वह गहरी खाई में गिर गई। खाई में गिरते समय उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंच गए। उन्होंने उसे खाई से बाहर निकाला। इससे पहले कि लोग उसे अस्पताल लेकर जाते। महिला की मौत हो चुकी थी। इसके बाद ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर चंबा मेडिकल कॉलेज के शव गृह पहुंचाया। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए परिजनों के हवाले कर दिया गया है। परिजन शव को लेकर अंतिम संस्कार के लिए गांव ले गए हैं। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई को अंजाम दे रही है। सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद फाइल एसडीएम कार्यालय में जमा करवाएगी। यहां से मृत्तिका के परिजन को आर्थिक सहायता मिलेगी। पुलिस अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र तोमर ने बताया कि सैली गांव में खाई में गिरने से एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है। इस संबंध में कार्यवाही की जा रही है।