अमर उजाला ब्यूरो
चंबा।
जुम्महार इलाके में वीरवार को भालू देखे जाने के बाद वन विभाग की टीम ने पूरा जंगल छाना। शुक्रवार को डीएफओ चंबा संजीव शर्मा, वनरक्षक कमलेश कुमार, वन खंड अधिकारी ओम प्रकाश सहित अन्य कर्मचारी जुम्महार पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने टीम के साथ पूरी सुरक्षा के बीच जंगल को खंगाला लेकिन भालू कहीं भी दिखाई नहीं दिया। उन्होंने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि उक्त वन काफी घना है। इसमें जंगली जानवरों का खतरा बना रहता है। इसलिए लोग अकेले में जंगल में न निकलें। बच्चों को भी स्कूल छोड़ने के लिए स्वयं जाएं तथा जानवरों का पीछा न करें। भालू या अन्य खूंखार जानवर दिखने पर जोर-जोर से शोर मचाएं।
वीरवार को जब ग्रामीण जुम्महार से अगाहर के लिए जाने वाली सड़क से गुजर रहे थे तो उन्हें भालू दिखाई दिया था। भालू के दिखने पर लोगों को वहां से भागना पड़ा था। पिछले काफी समय से उक्त स्थान पर भालू दिखने का सिलसिला जारी है, जिससे ग्रामीण दहशत में आ गए। लोगों का कहना है कि भालुओं के कारण उनका घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। वे सर्दियों के लिए लकड़ियों का जुगाड़ करने जंगल जाते थे। ऐसे में उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने विभाग से भालू को पकड़ने का आग्रह किया।
...
नहीं दिखा भालू : डीएफओ
डीएफओ चंबा संजीव शर्मा ने बताया कि वीरवार को भालू दिखने की सूचना मिली थी। जिसके बाद वह टीम सहित शुक्रवार को जुम्महार जंगल पहुंचे। इस दौरान भालू कहीं नहीं दिखा।