चंबा। जिले में फर्जी राशन कार्ड बनवाकर दो जगह राशन ले रहे 1,857 राशन कार्ड धारकों का विभाग ने पर्दाफाश किया है। डुप्लीकेट राशन कार्ड राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, बिहार और चंबा जिले के विभिन्न ब्लॉकों में बनवाए गए हैं। खैर, ऑनलाइन जांच के दौरान विभाग ने यह जानकारी एकत्रित की। अब विभागीय जांच के बाद राशन कार्ड धारक महज एक जगह से ही सस्ते राशन का लाभ अर्जित कर सकेंगे। दूसरी जगह बने उनके राशन कार्ड को निरस्त कर दिया जाएगा।
गौरतलब है कि जिले में सरकार की ओर से अंत्योदय, एपीएल और बीपीएल परिवारों को सस्ती दरों पर सस्ते राशन के डिपुओं से राशन प्रदान किया जाता है। बावजूद इसके कुछेक लोग मुफ्त में सस्ता राशन लेने के चक्कर में दो-दो जगह राशन कार्ड बनवाकर चांदी कूट रहे हैं। ऐसे परिवारों पर नकेल कसने के लिए जिला खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से अपने स्तर पर जांच शुरू की गई है। ऑनलाइन की गई इस जांच में जिला चंबा के 1,857 डुप्लीकेट राशन कार्ड धारक सामने आए। इनमें से विभाग ने दो जगह गलतीवश राशन कार्ड बनवाने वाले 415 राशनकार्ड धारकों के कार्ड निरस्त कर एक जगह ही उन्हें लाभान्वित किया है जबकि वर्तमान में भी 1,442 राशन कार्ड धारक इस फेहरिस्त में शामिल हैं।
कार्यकारी जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक पुरुषोत्तम सिंह ने बताया कि 1,857 डुप्लीकेट राशन कार्ड बनावाकर दो जगहों पर राशन लेने वाले 415 राशन कार्ड धारकों के कार्डों को एक जगह निरस्त कर दिया गया है। जबकि, शेष 1,442 राशन कार्ड धारकों से भी संपर्क कर उनके राशन कार्ड एक जगह निरस्त करने का क्रम जारी है।