तीसा (चंबा)। ग्राम पंचायत खुशनगरी के गुघुआ गांव में एक मकान गिर गया है। गनीमत रही कि परिवार का कोई भी सदस्य हादसे के समय घर में मौजूद नहीं था। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। प्रशासन की ओर से पटवारी को नुकसान की रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है। जबकि पंचायत उपप्रधान की रिपोर्ट के अनुसार प्रभावित परिवार को पांच लाख का नुकसान बताया जा रहा है। घर गिरने के बाद पूरा परिवार रिश्तेदार के घर में पनाह लेकर रह रहा है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को अभी तक सहायता राशि प्रदान नहीं की गई है।
पंचायत उपप्रधान जावेद मोहम्मद ने बताया कि जगदीश पुत्र राम लाल का पूरा परिवार पांच दिन पहले दोपहर के समय अपने घर के बाहर आराम कर रहा था। इसी दौरान अचानक जोरदार आवाज हुई। जब उन्होंने अपने घर की तरफ पलट कर देखा तो उनके घर की छत धराशायी हो चुकी थी। गनीमत यह रही कि हादसे के समय परिवार के अंदर के मौजूद नहीं था।
अन्यथा जानमाल का नुकसान बढ़ सकता था। प्रभावित परिवार ने घटना की सूचना संबंधित पंचायत उपप्रधान को दी। इसके बाद उपप्रधान ने घटनास्थल का मुआयना किया। साथ ही घटना से हुए नुकसान के बारे में प्रशासन को भी सूचित किया। प्रशासन की ओर से संबंधित पटवारी को नुकसान की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
तहसीलदार सरताज सिंह ने बताया कि उपरोक्त गांव में घर टूटने की सूचना मिली है। संबंधित पटवारी को नुकसान की रिपोर्ट तैयार करने को गांव में भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित परिवार को सहायता राशि प्रदान की जाएगी।