स्वच्छता में डलहौजी छावनी बोर्ड 10वें पायदान पर
प्रकृति की गोद में बसे डलहौजी छावनी बोर्ड में रहते हैं विभिन्न धर्मों के लोग
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। डलहौजी छावनी बोर्ड ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2019 में 10वां पायदान हासिल किया है। प्रकृति की गोद में बसे डलहौजी शहर से पहले स्थित डलहौजी छावनी में विभिन्न धर्मों के लोग रहते हैं। यहां पर विदेशी सैलानियों के साथ-साथ बाहरी राज्यों से पर्यटक यहां पर स्थित दो चर्चों को देखने और प्रार्थनाएं करने के लिए पहुंचते हैं। डलहौजी छावनी को साफ-सुथरा रखने और गंदगी से बचाने के लिए एक वर्ष में बेहतरीन प्रयास किए गए, जिसका प्रत्यक्ष प्रमाण अब ये है कि डलहौजी छावनी को स्वच्छता सर्वेक्षण में दसवां स्थान मिला है।
डलहौजी छावनी में 323 माउंटेन ब्रिगेड हैं। साथ ही यहां पर कुछ रिहायशी इलाका अलग से है। डलहौजी छावनी को स्वच्छ बनाए रखने के लिए छावनी की ओर से भी समय-समय पर उचित निर्णय लिए जाते हैं। बोर्ड के निर्देशानुसार ही स्वच्छता को कायम रखने के लिए उचित कदम बढ़ाए जाते हैं। छावनी बोर्ड की रिहायशी कॉलोनियों में सेना के जवानों के साथ रहने वाले रिहायशी लोगों के घरों से निकलने वाले कूड़े-कर्किट को एकत्रित करने और उसके निष्पादन तक करने के लिए डोर-टू-डोर अभियान भी चलाया गया है। इसी के तहत जगह-जगह कूड़ेदान भी स्थापित किए गए हैं। यदि कोई छावनी परिक्षेत्र में कूड़ा-कर्किट फेंकते हुए पकड़ा जाता है तो उससे जुर्माना भी वसूला जाता है। इसमें डलहौजी छावनी बोर्ड ने ओवरआल स्कोर 5000 में से 2388 अंक हासिल किए हैं।
स्वच्छता सर्वेक्षण 2019 के तहत बकलोह क्षेत्र 55वें पायदान पर रहा है। बकलोह परिक्षेत्र में लोगों के सहयोग से चलाए गए स्वच्छता अभियान के तहत ही यह पायदान हासिल किया जा सका है। बकलोह में सफाई व्यवस्था को चकाचक रखने के लिए बकलोह के बाशिंदे सहयोग करते हैं।
स्थानीय निवासी अजीत कुमार, विजय कुमार, विपिन कुमार, कपिल कुमार का कहना है कि छावनी परिक्षेत्र में साफ-सफाई को लेकर कड़े नियम रहते हैं। ये नियम लोगों की सहूलियत को देखते हुए ही निर्धारित किए गए हैं। बहरहाल, हरेक व्यक्ति को इनका पालन करना चाहिए।
छावनी बोर्ड सदस्य उमा मेहता ने बताया कि छावनी बोर्ड में स्वच्छता को लेकर विशेष ध्यान रखे जाते हैं। परिक्षेत्र में कई जगहों पर कूडे़दान स्थापित किए गए हैं। स्वच्छता प्रबंधों को लेकर छावनी परिक्षेत्र मेें रहने वाले लोगों का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है।