सीसीटीवी में कैद होगी चंबा अस्पताल की हर गतिविधि
अस्पताल प्रबंधन अस्पताल परिसर में लगाएगा छह नए सीसीटीवी कैमरे
एमएस कार्यालय में होगा सीसीटीवी का कंट्रोल, चारों कोनों पर रहेगी नजर
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। चंबा अस्पताल में दिन और रात को होने वाली गतिविधियों पर नजर रखने के लिए छह सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। सीसीटीवी लगाने का जिम्मा प्रबंधन ने निजी कंपनी को सौंप दिया है। कैमरे लगाने के लिए स्थान भी चयनित हो चुके हैं। कुछ ही दिनों में अस्पताल में नए छह सीसीटीसी कैमरे लग जाएंगे। इन कैमरों का कंट्रोल चिकित्सा अधीक्षक के कार्यालय में रहेगा। जहां पर लगी एलईडी में सीसीटीवी कैमरों में रिकार्ड होने वाली हर गतिविधि पर नजर रखी जा सकेगी। इन सीसीटीवी कैमरों की मदद से अस्पताल में होने वाली हरेक गतिविधि पर तीसरी आंख पर पहरा रहेगा। सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे काफी कारगर साबित होंगे। हालांकि पहले भी अस्पताल में सीसीटीवी कैमरे लगे थे। जो कि खराब हो चुके हैं। उनके स्थान पर नए सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं।
मरीजों की सुरक्षा को लेकर अस्पताल में गृह रक्षक सहित निजी सुरक्षा कर्मी जगह-जगह तैनात हैं। लेकिन ये सुरक्षा कर्मी अस्पताल के चारों कोनों में अपनी नजर नहीं रख पाते। इसलिए अस्पताल प्रबंधन ने सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया है। इन कैमरों को लगाने में चालीस से पचास हजार रुपये के बीच में खर्चा होगा। अस्पताल में रात के समय मरीजों के सामान की चोरी करने के कई मामले सामने आ चुके हैं। निजी सुरक्षा कर्मियों ने एक बार सामान चोरी करने वाले आरोपी को पकड़ भी लिया था। ऐसे में अब रात और दिन के समय अस्पताल में होने वाली हरेक गतिविधि पर इन कैमरों की नजर रहेगी। चंबा मेडिकल कॉलेज में जिला की छह लाख आबादी निर्भर है। जिनकी सुरक्षा को लेकर अस्पताल प्रबंधन ने यह कदम उठाया है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर विनोद शर्मा ने बताया कि अस्पताल में बाहर से आने वाले हरेक व्यक्ति पर इन सीसीटीवी कैमरों की नजर रहेगी। सीसीटीवी का कंट्रोल एमएस कार्यालय में होगा। कुछ ही दिनों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित हो जाएंगे।