तीसा(चंबा)। चुराह उपमंडल के तहत ग्राम पंचायत गुवाड़ी के दो गांवों के लोग सर्दियों में भी पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं। मजबूरी में लोग नाले का पानी पीने को मजबूर है। पानी की अनियमित सप्लाई के चलते ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि इस बारे में विभाग को कई बार अवगत करवाया जा चुका है। बावजूद इसके अभी तक विभाग ने समस्या का समाधान करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया है। ग्रामीणों ने बताया कि आईपीएच विभाग ने यहां सीधे नाले से ही पानी की आपूर्ति रब्बड़ की लाइनें बिछाई है। इससे ग्रामीणों को हर समय बीमारियों का खतरा बना रहता है।
इस बात को लेकर ग्रामीणों में काफी रोष है। जानकारी के अनुसार गांव राख और बरियाड़ी में करीब तीस परिवार रहते हैं। मगर पेयजल की समस्या का यहां आज तक समाधान नहीं हो पाया है। अनियमित आपूर्ति के चलते ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण रमेश कुमार, सुरेंद्र सिंह, बिमला देवी, उमा देवी, सुरेश कुमार, वीरेंद्र सिंह, कल्याण सिंह, देवनाथ, प्रेम सिंह और उमेश कुमार ने बताया कि पानी की आपूर्ति सीधे नाले से की जा रही है। हालांकि यहां फिल्टर टैंक की व्यवस्था करने के बारे में कई बार आग्रह किया गया है। मगर अभी तक कोई प्रावधान नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने आईपीएच विभाग से मांग की कि जल्द से जल्द यहां फिल्टर टैंक का निर्माण किया जाए। ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी ना हो। आईपीएच के कनिष्ठ अभियंता भगत राम का कहना है कि उन्होंने हाल ही में ज्वाइन किया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस बारे में प्रस्ताव बनाया जाएगा।