चंबा। जिले की समस्त प्रारंभिक पाठशालाओं में अब विद्यालय खुलने के एक घंटे के भीतर केंद्रीय मुख्य शिक्षकों को अवकाश पर रहने वाले अध्यापकों का ब्यौरा शिक्षा उपनिदेशक को देना होगा। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक द्वारा इस बारे निर्देश जारी किए गए हैं। उपनिदेशक द्वारा जारी किए गए इन निर्देशों का मुख्य मकसद विद्यालयों से फरलू मारने वाले अध्यापकों पर नकेल कसना है। इसके अलावा समस्त विद्यालयों में अध्यापकों की यथास्थिति की जानकारी भी शिक्षा विभाग के पास रहेगी। वहीं, शिक्षा विभाग द्वारा जारी किए गए इस प्रकार के निर्देशों ने विद्यालयों से फरलू मारने वाले अध्यापकों पर शिकंजा कस दिया है।
जिले के खंड शिक्षा अधिकारियों के साथ मासिक बैठक का आयोजन जिला शिक्षा अधिकारी हितेंद्र कुमार की अध्यक्षता में किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कार्यरत स्टाफ प्रतिदिन ई-मेल डाउन लोड करके वांछित सूचना समय पर प्रदान करें। जिन विद्यालयों में बिजली की व्यवस्था नहीं है, वहां पर बिजली लगाने के खर्चे की अनुमानित राशि का ब्यौरा भेजा जाए ताकि बजट उपलब्ध करवाया जा सके। भवन रहित स्कूलों के लिए भवन उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक जमीन विभाग के नाम करवाई जाए। सभी विद्यालयों के लिए स्वच्छ जल, लड़के-लड़कियों के लिए अलग शौचालय, व विद्यालय प्रांगण की स्वच्छता बनाए रखने के बारे भी निर्देश जारी किए गए। इसके अलावा बैठक में निर्देश जारी किए गए कि जिला शिक्षा अधिकारी की अनुमति के बिना अध्यापकों की कार्यालय में प्रतिनियुक्ति न की जाए। विद्यालय खुलने के एक घंटे के भीतर केंद्रीय मुख्य शिक्षकों के माध्यम से अवकाश पर गए अध्यापकों की सूचना उपलब्ध करवाने संबंधी निर्देश बैठक में जारी किए गए।