चंबा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को डलहौजी में पर्यटन विभाग के होटल सहित चंबा मेडिकल कॉलेज की रसोईघर का निरीक्षण किया। इस दौरान यहां से पनीर और चावल के सैंपल भरे गए। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बाजार में जूस की दुकान से भी दो सैंपल भरकर जांच के लिए लैब भेज दिए हैं। सबसे पहले स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पर्यटन विभाग के ईरावती होटल में दबिश दी। इस दौरान स्वास्थ्य टीम ने रसोई में रखे पनीर का सैंपल भरा। इसे जांच के लिए कंडाघाट लैब भेजा गया है। यहां पर पनीर की गुणवत्ता की जांच होगी। गुणवत्ता में फेल होने पर विभाग की ओर से होटल पर कार्रवाई भी की जा सकती है। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य टीम ने होटल के रसोईघर में सफाई व्यवस्था को लेकर लताड़ लगाई गई। रसोई घर में सफाई व्यवस्था का कोई ध्यान नहीं रखा गया था। खाना बनाने के लिए रखी सब्जियां खुले में रखी हुई थी। खुली सब्जियों में कई कीट दौड़ रहे थे। इन सब्जियों को खाने वाले लोगों की सेहत पर भी बुरा असर पड़ सकता है। रसोई घर के पास शेड में कुत्ता सोया था। जबकि खाना बनाने वाले स्थान पर कुत्ते का प्रवेश वर्जित है। इससे संक्रमण हो सकता है। होटल का निरीक्षण करने पहुंचे जिला खाद्य सुरक्षा नामित अधिकारी महेश कश्यप और जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक आनंद ने रसोई में काम करने वाले कर्मचारियों को सफाई व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए। साथ ही खाना बनाते समय सिर को ढकने को कहा। उन्होंने यह भी हिदायत दी कि कुछ समय के बाद होटल का दोबारा निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान किसी प्रकार की खामी पाई गई तो होटल प्रबंधन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने जिला में बिकने वाली खाद्य वस्तुओं की जांच करने को लेकर अभियान शुरू किया है। इस अभियान के अंतर्गत सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों में चल रही कैंटीनों सहित होटलों और ढाबों के खाने की जांच की जाएगी।
रेहड़ियों से सॉस और मोमो के भरे सैंपल
स्वास्थ्य टीम ने ईरावती होटल के बाद शहर की सभी रेहड़ियों में सफाई व्यवस्था की जांच की। दो रेहड़ियों से सॉस और मोमो के सैंपल भरे। इन्हें जांच के लिए कंडाघाट लैब में भेजा गया है। इसके अलावा रेहड़ियों में पीने के लिए रखे पानी को फिंकवाया गया। हर रेहड़ी धारक को डस्टबिन रखने के निर्देश दिए। रेहड़ी धारकों को खाद्य वस्तुओं में गुणवत्ता लाने के आदेश दिए गए। अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
लैब की रिपोर्ट आने पर होगी आगामी कार्रवाई : महेश कश्यप
जिला खाद्य सुरक्षा नामित अधिकारी महेश कश्यप ने बताया कि ईरावती होटल में पनीर का सैंपल भरा गया है। इसकी जांच कंडाघाट लैब में होगी। लैब की रिपोर्ट आने पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला में चल रही सरकारी कैंटीनों में भी स्वास्थ्य टीम दबिश देगी।