सरोल (चंबा)। ग्राम पंचायत हरीपुर के सिद्धपुरा गांव में आईपीएच विभाग का पेयजल टैंक में लीकेज हो रही है। इस वजह से हजारों लीटर पानी रोजाना व्यर्थ बह रहा है। वहीं क्षेत्र के लोगों को पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। पेयजल टैंक से बहु तकनीकी शिक्षण संस्थान सरोल के लिए पानी की आपूर्ति होती है। पेयजल टैंक से पानी सिद्धपुरा सड़क में बह रहा है। इससे सड़क को भी नुकसान पहुंच रहा है। पानी के बहने से सड़क की तारकोल उखड़ने लगी है। लोगों के अनुसार छह महीने से पेयजल स्टोरेज टैंक लीक हो रहा है। बावजूद इसके आईपीएच विभाग इसे दुरुस्त करने में आनाकानी कर रहा है। हालांकि पेयजल लीकेज के बारे में शिक्षण संस्थान प्रबंधन ने संबंधित विभाग को सूचित कर दिया है। मगर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है।
स्थानीय निवासी चैन सिंह, योगराज, सुरेंद्र, मान सिंह, हंसराज, अरविंद, रवि कुमार, बलदेव और राकेेश कुमार ने बताया कि सड़क पर पानी बहने से पैदल चलने वाले राहगीरों को परेशानी आ रही है। उन्हें पानी के बीच से आवाजाही करनी पड़ती है। पानी बहने से सड़क पर फिसलन बढ़ रही है। इससे दोपहिया वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि सड़क पर बह रहे व्यर्थ पानी का समाधान किया जाए। अधिशाषी अभियंता दिनेश कपूर ने बताया कि उनके ध्यान में यह मामला नहीं है। जल्द ही जेई को मौके पर भेजकर समस्या का समाधान किया जाएगा।