चंबा। जिला चंबा के पीजीटी अध्यापकों ने राज्य सरकार से प्रवक्ता पदनाम बहाल करने की मांग की है। पीजीटी अध्यापकों सूरज बाली, राजेश शर्मा, राजदीन, नीम राज, दिनेश गुलेरिया, करतार सिंह, राजेश, हेम राज, फारूख मोहम्मद, अनिल कुमार, लेखराज व संजय कुमार ने कहा कि कुछेक स्वयं भू नेता पीजीटी पदनाम नहीं बदलने की बात कर रहे हैं। इसको लेकर पीजीटी अध्यापकों ने कड़ी निंदा की है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि ऐसे तथाकथित संगठनों को मान्यता नहीं दी जाए। साथ ही ऐसे संगठन द्वारा दिए जा रहे बयान को नकारते हुए प्रवक्ता पदनाम बहाल किया जाए। इस मांग को पहले भी स्कूल प्रवक्ता संघ के माध्यम से उठाया जा चुका है। लेकिन, अभी तक मांग को पूरा नहीं किया गया है। साथ ही मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से इस मुद्दे पर हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जमा दो कैडर में दो पदनाम उन्हें कतई मंजूर नहीं हैं। जमा दो प्रणाली के समय प्रवक्ता पदनाम संबंधित अध्यापकों को दिया गया था। उन्होंने शिक्षा सचिव व शिक्षा निदेशक से आग्रह किया है कि इस संवेदनशील मुद्दे पर शीघ्र कार्रवाई अमल में लाई जाए।