चंबा। जिला मुख्यालय से सटे जनजातीय भवन बालू में पिछले 15 दिन से पांगी घाटी के 18 लोग फंसे हुए हैं। चंबा-पांगी वाया सचे जोत मार्ग और कुल्लू-मनाली के रास्ते बंद होने के कारण ये लोग पांगी नहीं पहुंच पा रहे हैं। सुनील कुमार, रविंद्र कुमार, संजय, शेर सिंह, बिंदू कुमारी, प्रेम देई, रिशु, देवी सिंह, साधु राम और हरी सिंह ने बताया कि वे 15 दिनों से फंसे हुए हैं। प्रशासन की ओर से उन्हें केवल एक दिन ही राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई थी, जो कि अब खत्म हो चुकी है। राशन खत्म होने के बाद से सभी लोगों को बाहर होटलों में खाना खाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इन लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जब तक पांगी की सड़क बहाल नहीं होती है तब तक राशन की व्यवस्था की जाए, ताकि उन्हें परेशानियों का सामना न करना पड़े।