सलूणी (चंबा)। विकास खंड सलूूूणी के तहत एक पंचायत के प्रधान और चौकीदार पर मनरेगा कार्यों में धांधली करने के आरोप लगे हैं। इन आरोपों की छानबीन पंचायत निरीक्षक सलूणी करेंगे। इस बारे विकास खंड अधिकारी सलूणी इंदु बाला ने निर्देश जारी कर दिए हैं। पंचायत निरीक्षक द्वारा मामले की जांच कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। जिसे आगामी कार्रवाई के लिए डीसी चंबा हरिकेश मीणा को भेजा जाएगा। इसके बाद आगामी कार्रवाई उपायुक्त की ओर से की जाएगी। उपायुक्त के निर्देशों के बाद ही बीडीओ सलूणी ने इस मामले की जांच का जिम्मा पंचायत निरीक्षण को सौंपा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पंचायत प्रधान और चौकीदार पर वार्ड सदस्य के पति ने आरोप लगाया है कि मनरेगा के कार्यों में धांधली की गई है। आरटीआई से मिली जानकारी में खुलासा हुआ है कि पंचायत प्रधान ने मनरेगा कार्यों में अपनी गाड़ी के बिल (जीआर) लगाए हैं और संबंधित चौकीदार के नाम से भी कुछ फर्जी बिल तैयार किए गए। जबकि पंचायतराज अधिनियम के मुताबिक चौकीदार के नाम पर बिल नहीं हो सकते हैं, क्योंकि चौकीदार सरकारी कर्मचारी है। इसके अलावा पंचायत प्रधान ने अपने रिश्तेदारों के नाम पर भी बिल पास करवाए हैं। जबकि पंचायतीराज अधिनियम के अनुसार कोई भी पंचायत प्रधान अपने व अपने रिश्तेदारों के नाम पर बिल पास नहीं करवा सकता है।
विकास खंड अधिकारी सलूणी इंदुबाला ने बताया कि जिलाधीश चंबा के निर्देशानुसार इस मामले की जांच का जिम्मा पंचायत निरीक्षक को सौंपा गया है। कहा कि मामले की छानबीन के बाद जांच रिपोर्ट उपायुक्त को सौंपी जाएगी।