सुंडला (चंबा)। ठाकरमट्टी पंचायत के तहत ककड़ोता और पंजोता में लोगों को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। हालत यह है कि क्षेत्र में एक महीने में मात्र दो बार पानी की आपूर्ति की जा रही है।
ग्रामीणों की मानें तो वह इस बारे में आईपीएच विभाग को कई बार अवगत करवा चुके हैं। मगर अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने बताया कि उक्त दोनों गांव सड़क सुविधा से वंचित है। ऐसे में यहां हैंडपंप तक ही सुविधा नहीं है। पानी की आपूर्ति नियमित न होने को लेकर ग्रामीणों में काफी रोष है।
जानकारी के अनुसार इन दोनों गांवों में करीब तीस परिवार गुजर बसर कर रहे हैं। मगर पेयजल आपूर्ति ठप होने से ग्रामीण काफी परेशान है। पानी न होने की सूरत में ग्रामीण दो किलोमीटर दूर स्थित प्राकृतिक स्रोत से पानी ढोना पड़ रहा है।
ग्रामीण राजकुमार, उत्तम दास, बिमला देवी, रेखा देवी, मदन लाल, महिंद्र सिंह, मोनू सिंह, आजाद कुमार, पुष्पा देवी, चंपा देवी, आरती देवी, देसराज और देवेंद्र कुमार प्रकाश चंद ने बताया कि पानी की किल्लत होने के चलते उनके दिन का अधिकतर समय पानी ढोने में ही चला जाता है।
ग्रामीणों ने बताया कि आईपीएच विभाग बेहतर पेयजल आपूर्ति के दावे करता है। मगर गर्मियों में विभागीय दावे हवा हो जाते हैं। ग्रामीणों ने आईपीएच विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल की जाए। अन्यथा उन्हें मजबूरन उग्र आंदोलन करना पड़ेगा।
आईपीएच विभाग के अधिशाषी अभियंता हेमंत पुरी का कहना है कि इस बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। अगर ऐसा है तो फील्ड स्टाफ को भेजकर पेयजल आपूर्ति बहाल करवाई जाएगी। ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की दिक्कत न पेश आए।