चंबा। बट्ट आईटीआई बौंखरी मोड़ में आईटीआई की जिला स्तरीय महिला खेल कूदप्रतियोगिता का वीरवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में बट्ट आईटीआई की खिलाड़ी पवन रेखा को बेस्ट एथलीट के खिताब से नवाजा गया। पवन रेखा ने 100 व 200 मीटर की दौड़ में बाजी मारी। जबकि 400, 800 और 1500 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में मिलेनियम आइटीआई सरू के प्रतिभागियों का दबदबा रहा। वहीं खो-खो प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला सरकारी महिला आईटीआई चंबा और सरकारी आईटीआई कोटी के बीच खेला गया। इसमें सरकारी महिला आईटीआई चंबा विजयी रही।
इस मुकाबले को देखने के लिए दर्शकों की काफी भीड़ उमड़ी। सरकारी आईटीआई चंबा को खेलों में ओवरऑल चैंपियन चुना गया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। समारोह की शुरूआत मुख्यातिथि ने दीप प्रज्वलित करके किया। इस मौके पर आईटीआई की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। प्रधानाचार्य विपिन शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया।
वहीं परवेज अली बट्ट ने मुख्यातिथि को शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। तीन दिनों तक चली खेलकूद प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का दमखम दिखाया। प्रतियोगिता में विजेता रहने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। इस प्रतियोगिता में सरकारी आईटीआई चंबा महिला, बट्ट आईटीआई सहित अन्य आइटीआई के 100 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
मुख्यातिथि पुलिस अधीक्षक चंबा डॉ. मोनिका ने अपने संबोधन में सभी खिलाड़ियों को खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए बधाई दी और उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिता का विद्यार्थी जीवन में काफी महत्व है। इससे छात्रों में मानसिक व शारीरिक विकास होता है। जिसका उसे भविष्य में लाभ मिलता है। उन्होंने छात्रों को खेलकूद प्रतियोगिताओं में बढ़ चढ़ कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।