अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। बचत भवन चंबा में बुधवार को आयोजित त्रैमासिक बैठक हंगामेदार रही। बैठक में मांगें पूरी न होने से नाराज दो जिप सदस्य धरने पर बैठ गए। जिप सदस्यों का आरोप है कि उनकी मांगों पर लंबे समय से कोई कार्यवाही नहीं हो रही है। इससे बैठक में गहमागहमी का माहौल रहा। हालांकि इस दौरान सदन की कार्यवाही चलती रही। करीब आधे घंटे तक धरने पर बैठने के बाद दोनों सदस्य लिखित आश्वासन मिलने पर उठने को तैयार हुए। बुधवार का आयोजित बैठक के दौरान जिला परिषद सदस्य ने अपने क्षेत्र में बस चलाने की मांग उठाई। ललित ठाकुर का कहना है कि पिछले करीब डेढ़ साल से वह बस चलाने की मांग कर रहे हैं। मगर अभी तक बस सेवा का शुभारंभ नहीं हो पाया है। इससे नाराज ललित ठाकुर ने पहले करीब दस मिनट तक अपनी सीट पर खड़े होकर रोष व्यक्त किया। आरटीओ चंबा की ओर से जवाब न आने पर नाराज ललित ठाकुर ने जमीन पर बैठकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। वहीं दूसरी तरफ सिढ़ वार्ड की जिला परिषद निशा भी बस की समयसारणी बदलने की मांग को लेकर ललित ठाकुर के साथ धरने प्रदर्शन में शामिल हो गई। करीब 36 मिनट तक दोनों जिला परिषद सदस्यों का धरना प्रदर्शन चला। आरटीओ चंबा ओंकार सिंह ने बैठक में लिखित जवाब दिया। इसके बाद जिला परिषद सदस्यों ने अपना प्रदर्शन रोका। हालांकि इस दौरान सदन की कार्रवाई जारी रही।