अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। सीटू के बैनर तले मिड-डे मील व आंगनबाड़ी कार्यकर्त्ताओं ने बुधवार को मांगों को लेकर जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन की अगुवाई सीटू जिला महासचिव सुदेश ठाकुर ने की। उन्होंने नारेबाजी कर केंद्र सरकार के खिलाफ रोष प्रकट किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त हरिकेश मीणा के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। साथ ही विभिन्न मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने का सरकार से आग्रह किया। मिड-डे मील व आंगनबाड़ी कार्यकर्त्ताओं का कहना है कि वह स्कूलों में अपनी सेवाएं देती हैं। मगर उन्हें मानदेय काफी कम मिल रहा है। साथ ही उन्हें सरकारी कर्मचारी भी नहीं माना जा रहा है। उन्हें जो मानदेय मिलता है वह बेहद कम है। ऐसे में परिवार का गुजारा तक नहीं चल पाता। लंबे समय से वह इसमें बढ़ोतरी किए जाने और उन्हें सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिए जाने की मांग कर रही है। मगर अभी तक सरकार ने इस बारे में कोई सकारात्मक पहल नहीं की है। छुट्टियों का भी उन्हें कोई वेतन नहीं मिलता। उन्होंने सरकार से मांग की है कि जल्द उन्हें न्यूनतम वेतन का लाभ दिया जाए और उन्हें पक्का करने के लिए भी कदम उठाए जाए। आंगनबाड़ी वर्कर को हरियाणा राज्य की तर्ज पर 8500 रुपये वेतन दिया जाए। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने पेंशन की भी मांग की। इसके अलावा मिड-डे मील वर्कर ने भी वेतन संबंधी समस्याओं को पूरा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि उन्हें 6300 रुपये प्रतिमाह दिया जाए।