अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। नगर परिषद चंबा के पास शहर का कूड़ा ठिकाने लगाने के लिए कूड़ा संयंत्र नहीं है। इस वजह से शहर से पांच दिन से कूड़ा नहीं उठाया गया है। हालत यह है कि शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं और बदबू से लोगों को रास्तों और सड़कों पर गिरना मुश्किल हो गया है। मजबूरी में जहां नगर परिषद नदी और नालों में गंदगी को ठिकाने लगा रही है तो वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में कूड़ा ठिकाने लगाने को लेकर लोग विरोध भी दर्ज करवा चुके हैं। आलम यह है कि नगर परिषद की इस लापरवाही खामियाजा चंबा शहर की जनता को झेलना पड़ रहा है। गंदगी से बीमारियों के पनपने का खतरा बना हुआ है तो वहीं लोगों में नगर परिषद की कार्यप्रणाली को लेकर भी खासा रोष है।
कुरांह कूड़ा संयंत्र में कूड़ा फेंकने पर पहले से रोक लग चुकी है। हरीपुर के पास जहां पर नप कूड़े को ठिकाने लगा रही थी। वहां पर भी लोगों ने विरोध जताकर कूड़ा फेंकने पर रोक लगा दी है। ऐसे में नप के पास कूड़ा ठिकाने लगाने के लिए कोई उचित स्थान नहीं है। इसकी वजह से शहर में सफाई व्यवस्था बुरी तरह चरमरा चुकी है। शहर के दुकानदार कूड़े की वजह से काफी परेशान है। चौगान नंबर और पांच के पास कूड़े के बड़े-बड़े ढेर होने से दुर्गंध फैलती जा रही है। चौगान नंबर पांच में मरीज और तीमारदार सुबह के समय धूप के लिए बैठते हैं। मगर कूड़े की दुर्गंध फैलने से मरीजों को धूप सेंकने में परेशानी आ रही है। शहरवासी में हंसराज, सुरेश कुमार, चमन सिंह, योगराज, कमल कुमार, दिनेश, सुरेंद्र, जितेंद्र, रवि कुमार, चैनलाल और होशियार सिंह ने बताया कि शहर में पांच दिन से कूड़े को साफ नहीं किया गया है। शहर में दुर्गंध फैलती जा रही है। समय रहते कूड़े को ठिकाने नहीं लगाया गया, तो शहर में बीमारी पनपने वाले मक्खी मच्छरों की भरमार हो जाएगी। यह शहर वासियों की सेहत भी बिगाड़ सकते हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि शहर का कूड़ा ठिकाने लगाने के लिए जल्द से जल्द डंपिंग साइट चिन्हित की जाए। ताकि शहर में गंदगी अपने पांव नहीं पसार सके।
जल्द चिन्हित होगी कूड़ा संयंत्र की जगह
नप अध्यक्ष नीलम नैयर ने बताया कि कूड़ा संयंत्र के लिए जगह चिन्हित की जा रही है। यहां पर शहर का सारा कूड़ा निष्पादित किया जाएगा। फिलहाल शहर में लगे कूड़े को ठिकाने लगाने का प्रयास किया जा रहा है।