चंबा। लंबित मामलों की संख्या कम करने और पक्षकारों के बीच समझौते के आधार पर मामले हल करने के उद्देश्य से जिला एवं सत्र न्यायालय चंबा के अलावा में विभिन्न अदालतों में रविवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंबा के अध्यक्ष एवं जिला सत्र एवं न्यायाधीश शरत लगवाल ने बताया कि सड़क दुर्घटना क्लेम मामले, बिजली और पानी के बिल, वैवाहिक मामले तलाक को छोड़, श्रम विवाद के मामले, भूमि अधिग्रहण के मामले, वेतन और भत्ते सेवानिवृत्ति के मामले 83 मामलों की सुनवाई हुई। इनमें से 73 मामलों का निपटान किया गया। बताया कि लोक अदालतों में किसी प्रकार की फीस नहीं लगती है। विशेष बात है कि लोक अदालतों में पारित किया गया अवार्ड दोनों पक्षों के लिए बाध्यकारी होता है। इसके खिलाफ अपील नहीं की जाती है।
वहीं, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंबा के सचिव विशाल कौंडल ने कहा कि प्राधिकरण के माध्यम जरिये निशुल्क सहायता प्राप्त करने का प्रावधान है। यदि किसी भी व्यक्ति को निशुल्क कानूनी सहायता या अथवा परामर्श की सहायता हो तो निस्कोंच होकर दूरभाष 01899-226309 पर भी संपर्क कर सकता है। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश चंबा की अदालत में 20 मामलों की सुनवाई हुई। इनमें 16 मामलों का निपटान किया गया। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं वरिष्ठ सिविल जज ने 471 प्री लिटिगेशन मामले लिए, जिनमें 172 का निपटारा किया गया। इसके अलावा लंबित चल रहे 1578 मामलों में से 358 मामलों का निपटान किया गया।
न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी एवं सिविल जज चंबा ने प्री-लिटिगेशन के 382 मामलों में से 277 मामलों का मौके पर निपटान हुआ। जबकि, लंबित चल रहे 459 मामलों में से 459 मामलों का मौके पर निपटान हुआ। न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी एवं सिविल जज डलहौजी ने प्री-लिटिगेशन के 110 मामलों में से 15 मामलों का निपटान किया, जबकि लंबित चल रहे 204 मामलों में से 124 मामलों का निपटान किया गया। न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी एवं सिविल जज तीसा ने प्री-लिटिगेशन के 64 मामलों में 64 का मौके पर निपटान किया। जबकि, लंबित चल रहे 208 में से 82 मामलों का निपटान किया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान प्री-लिटिगेशन के 1027 मामलों में से 528 का मौके पर निपटान किया। जबकि, लंबित चल रहे 2551 मामलों में से 1112 मामलों का निपटान किया गया। कुल मिला कर राष्ट्रीय लोक अदालत में रविवार को 1640 मामलों का मौके पर निपटान किया गया।