बिना मान्यता लिए चलाए जा रहे
स्कूल को बंद करने के आदेश
शिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई के बाद निजी स्कूलों में मचा हड़कंप
बिना मान्यता के चल रहा था स्कूल, विभागीय टीम की दबिश में हुआ खुलासा
रिकॉर्ड प्रस्तुत न करने पर हरदासपुरा के निजी स्कूल को जारी किया गया नोटिस
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। जिला में निजी स्कूलों की मनमानी पर शिक्षा विभाग की टीम ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। प्रारंभिक शिक्षा विभाग की बुधवार शिक्षा उपनिदेशक फौजा सिंह की अगुआई में निरीक्षण को निकली टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने शहर के साथ लगते मंगला स्थित एक निजी स्कूल में दबिश देकर बिना अनुमति के चलाई जा रही ब्रांच को तत्काल प्रभाव से बंद करने के आदेश जारी किए। साथ ही हरदासपुरा स्थित एक स्कूल को रिकॉर्ड प्रस्तुत न करने पर कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है। विभाग की ही कार्रवाई के बाद जिला भर के निजी स्कूल प्रबंधनों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक फौजा सिंह और डिप्टी डीओ हितेंद्र कुमार ने मंगला स्थित एक पब्लिक स्कूल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खुलासा हुआ कि उक्त स्कूल की ब्रांच मंगला में बिना मान्यता के चल रही है। जबकि, मान्यता प्राप्त निजी स्कूल कहीं दूसरी जगह पर चल रहा है। टीम ने दो कमरों में चल रही नर्सरी की कक्षाओं के 15 से 20 बच्चों की इस ब्रांच को तत्काल प्रभाव से बंद करने के आदेश दिए। इतना ही नहीं टीम ने साफ किया है कि जब तक विद्यालय को मान्यता नहीं मिल जाती, किसी भी सूरत में विद्यालय को नहीं चलाया जा सकता है। वहीं, टीम की ओर से हरदासपुरा स्थित राजकुमारी पब्लिक स्कूल का निरीक्षण करने पर स्कूल प्रबंधन की ओर से मौके पर रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं किया गया। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए शिक्षा विभाग की ओर से संबंधित स्कूल को नोटिस जारी किया जाएगा। साथ ही स्कूल की रिपोर्ट तैयार कर निदेशालय को भी भेजी गई है।
दो स्कूलों में पाई गई हैं खामियां
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक चंबा फौजा सिंह ने बताया कि टीम ने मंगला में कृष्ण बंदन पब्लिक स्कूल में दबिश दी। उक्त विद्यालय में दो कमरों में छोटे बच्चों को पढ़ाया जा रहा था, लेकिन, विद्यालय प्रबंधन के पास स्कूल को चलाने के लिए किसी प्रकार की कोई भी मान्यता नहीं थी। इस कारण स्कूल प्रबंधन को तुरंत स्कूल को बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं। इसके अलावा हरदासपुरा में एक निजी स्कूल में दबिश के दौरान स्कूल प्रबंधन की ओर से रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं किया गया। नतीजतन, उन्हें जल्द से जल्द रिकॉर्ड प्रस्तुत करने बारे निर्देश जारी किए गए हैं।