सिहुंता(चंबा)। विस क्षेत्र भटियात में मंत्री बनने के बाद पहली बार पहुंचें आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर करीब 4 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की आधारशिला रखी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र भटियात में विकास कार्यों में तेजी लाई जा रही है। इसका श्रेय मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को उनके प्रगतिशील नेतृत्व को जाता है।
शनिवार को उन्होंने थुलेल पंचायत के भंगियाई में एक करोड़ 74 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाली उठाऊ योजना टोनी माता की आधारशिला रखी। इस योजना से बड़ दमण, भगेई, उपरली, थुलेल, बर्नोली, मट, धनोट और अनाई गांव के लोगों को सिंचाई की सुविधा होगी। उठाऊ सिंचाई योजना से 37.27 हेक्टेयर क्षेत्र की सिंचाई की जा सकती है। इसके बाद उन्होंने मनुहता पंचायत में बहाव सिंचाई योजना सियूण के पुनर्निर्माण की आधारशिला भी रखी। इस पर 2 करोड 11 लाख रुपए की लागत आएगी। योजना से क्षेत्र की 47,36 हेक्टेयर कृषि योग्य भूमि की सिंचाई होगी। इससे क्षेत्र के चार गांव लाभान्वित होंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पूरे हिमाचल में एक समान विकास कर रही है। इन योजनाओं से क्षेत्र के लोगों को सिंचाई सुविधा प्राप्त होगी। इससे भटियात क्षेत्र के लोग पैदावार बढ़ाकर आर्थिकी को सुदृढ़ कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि चंबा जिले में 41679 हेक्टेयर भूमि को कृषि योग्य चिन्हित किया गया है।
इसमें विभाग 4699 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई के अंतर्गत लाया जा चुका है। वर्ष 2018-19 में जिले चंबा में सिंचाई योजनाओं पर 796 .27 लाख रुपए व्यय करने का प्रावधान रखा गया है। वर्ष 2018 -19 तक 55. 00 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा प्रदान की जा चुकी है।