चंबा। उटीप पंचायत के भुज्जा गांव के लोग पिछले आठ दिन से अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। इसको लेकर ग्रामीणों ने सोमवार को उपायुक्त हरिकेश मीणा को ज्ञापन सौंपकर गांव में नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग उठाई। ग्रामीणों के मुताबिक गांव में बिजली न होने से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड सदस्य केहर सिंह, युवा मंडल अध्यक्ष राकेश कुमार, अरुण कुमार, प्रवीण कुमार, धर्मेंद्र, सुरेश कुमार, मनोज कुमार, संजीव कुमार, पुष्पराज, योगराज, लक्की और संजू ने बताया कि भुजा गांव में पिछले सोमवार से ट्रांसफार्मर खराब हो गया था।
इसके चलते गांव में आठ दिनों से बिजली नहीं है। इस कारण ग्रामीणों को अंधेरे में रहना पड़ रहा है। लोगों ने बताया की बच्चों को पढ़ाई करने मेें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें घर के काम निपटाने में परेशानियां आ रही है। ग्रामीणों ने बताया की विद्युत बोर्ड से कई बार शिकायत की गई है। मगर अभी तक ट्रांसफार्मर ठीक नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने डीसी चंबा हरिकेश मीणा से विद्युत बोर्ड प्रबंधन को आदेश जारी कर भुज्जा में नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है।