खज्जियार (चंबा)। मिनी स्विट्जरलैंड के नाम से विख्यात पर्यटन स्थल खज्जियार और कालाटोप में कूड़ा कचरा फेंकने वालों की अब खैर नहीं। वन्य प्राणी मंडल चंबा की ओर से ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई करने का फैसला लिया गया है।
इसके मुताबिक अगर कोई व्यक्ति पर्यटन स्थलों में कूड़ा फेंकते हुए पकड़ा जाता है तो उसे पांच हजार रुपये जुुर्माना ठोंका जाएगा। जुुर्माना न अदा करने की सूरत में व्यक्ति के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1072 के तहत तीन साल की सजा और 25 हजार रुपये जुुर्माने का प्रावधान रहेगा। विभाग की ओर से इस तरह के निर्देश जारी करने का मकसद पर्यटन स्थल खज्जियार और कालाटोप की सुंदरता को बरकरार रखना है।
जिला प्रशासन ने पर्यटन स्थल खज्जियार को पूर्ण स्वच्छ करने के प्रयास शुरू किए हैं। इसके तहत जहां पर्यटन स्थल खज्जियार और कालाटोप में सफाई अभियान चलाया जा रहा है तो वहीं सौंदर्यीकरण के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
ऐसे में वन्य प्राणी मंडल चंबा ने भी पर्यटन स्थल खज्जियार में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का फैसला लिया है। इन निर्देशों के बाद अब लोगों में हड़कंप मच गया है।
बता दें कि पर्यटन नगरी खज्जियार में वर्ष में हजारों की संख्या में बाहरी जिलों, राज्यों और विदेशी पर्यटक मनमोहक वादियों का लुत्फ उठाने के लिए पहुंचते हैं। प्रबुद्घ नागरिक योगराज, प्रमोद कुमार, सुरेंद्र कुमार, संजीव कुमार, कमल कुमार और संदीप कुमार ने कहा कि पर्यटन नगरी खज्जियार की प्राकृतिक सुंदरता देखने लायक है। ऐसे में पर्यटन नगरी की सुंदरता को कायम रखने के लिए वन्य प्राणी विभाग ने उचित कदम उठाया है।
वन्य प्राणी मंडलाधिकारी चंबा निशांत मंढोत्रा ने पर्यटन नगरी खज्जियार की सुंदरता को ग्रहण लगाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बारे में निर्देश जारी कर दिए गए हैं। विभागीय कर्मचारी इस तरह के मामलों पर नजर रखेंगे और पकड़े जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।