सलूणी (चंबा)। धरवाली से जटोता तक सड़क सुविधा न होने से क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालत यह है कि क्षेत्र के कई गांवों के लोगों को मरीजों को पालकी पर उठाकर मुख्य मार्ग तक पहुंचाना पड़ता है।
इसमें घंटों का समय लग जाता है। ग्रामीण सुरिंद्र सिंह, लाल चंद, जोधा राम, अशोक कुमार, देशराज, चमन सिंह, चुमारू राम, जगदीश कुमार, टेक चंद और चैन सिंन ने बताया कि सड़क सुविधा न होने के कारण लोगों को खच्चरों पर सामान ढोना पड़ रहा है। इसके अलावा गांव में अगर कोई व्यक्ति बीमार होता है तो उसे पीठ पर उठाकर मुख्य सड़क तक लाना पड़ता है। यहां से एंबुलेंस या निजी वाहन के जरिये मरीज को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया ले जाया जाता है।
ऐसे में मरीज को अस्पताल तक पहुंचाने में लोगों को काफी संघर्ष करना पड़ता है। लोगों ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि क्षेत्र में जल्द सड़क का निर्माण किया जाए। उन्होंने बताया कि सड़क बनने से जटोता, ब्रह्म, धरवाली, मुकलाला, टप्पर, डभियुंडा, किलोड़ी, दिखनार, रोलका, शिशसिल, टैकूणी और बणी के गांववासियों को फायदा मिलेगा। इस सड़क की कुल लंबाई करीब छह किलोमीटर है।
लोनिवि के अधिशाषी अभियंता अरुण पठानिया ने बताया कि सड़क बनाने के लिए वन विभाग की अनुमति मांगी गई है। जैसे ही अनुमति मिल जाएगी सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।