गरोला (चंबा)। ग्राम पंचायत गरोला में चार दिनों से पेयजल किल्लत चल रही है। इस वजह से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालत यह है कि ग्रामीण दूसरे गांव से पानी ढोकर लाने को मजबूर हैं। पेयजल किल्लत बाधित होने से पंचायत की दो हजार की आबादी जूझ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि ठंड के कारण पेयजल पाइप जाम हो चुकी हैं। लोगों ने आईपीएच विभाग से पानी की सप्लाई बहाल करने की मांग की है। स्थानीय निवासी मनीष कुमार, शेर सिंह, चतरो राम, होशियार सिंह, योगराज, कमल कुमार, रमेश, सुनील और देवी प्रसाद ने बताया कि गरोला पंचायत के वास्ता, चिल्ली, सुआई, ककरी, गरोला और जूरा गांव में चार दिनों से पेयजल सप्लाई बाधित है। इस वजह से ग्रामीण पानी की बूंद-बूंद के लिए तरस रहे हैं। समस्या के बारे में संबंधित विभाग को भी अवगत करवाया जा चुका है। मगर अभी तक समस्या का निदान नहीं हो पाया है। इसको लेकर लोगों में भारी रोष है। गांव की पेयजल सप्लाई ऊपरी क्षेत्रों में स्थित झीलों से होती है। यह इन दिनों बर्फबारी और कड़ाके की ठंड की वजह से जाम हो चुकी हैं। इसके अलावा पेयजल पाइप भी जाम पड़ी है। उन्होंने जिला प्रशासन और विभाग से मांग की है कि गांव में बंद पड़ी पेयजल सप्लाई को जल्द बहाल किया जाए।
जल्द बहाल होगी पेयजल सप्लाई : अशीष ठाकुर
कनिष्ठ अभियंता आशीष ठाकुर ने बताया कि गांव की पेयजल सप्लाई पाइपें जाम होने की वजह पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है। इसे बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही पेयजल सप्लाई बहाल हो जाएगी।