चंबा।
जनसाली-आईटीआई मार्ग पर सफाई व्यवस्था चरमरा चुकी है। मार्ग पर जगह-जगह कूड़े-कर्कट के ढेर लगे हैं। जिस कारण इस मार्ग से होकर गुजरने वाले विद्यार्थियों और राहगीरों को मुंह पर रुमाल रख कर ही गुजरना पड़ रहा है। मोहल्ले में मेडिकल कॉलेज चंबा में प्रशिक्षण हासिल कर रहे प्रशिक्षु चिकित्सकों का हॉस्टल है। इसके अलावा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भी है। इसके बावजूद इस मोहल्ले में निरंतर साफ-सफाई नहीं होती है। इसका खामियाजा इस मार्ग से होकर गुजरने वाले लोगों को ही उठाना पड़ रहा है।
गौरतलब हो कि नप चंबा के वार्ड नंबर पांच के अधीन आने वाले जनसाली-आईटीआई मार्ग से रोजाना सैकड़ों स्कूली बच्चे और लोग गुजरते हैं। इसके बावजूद इस सड़क पर सफाई व्यवस्था पटरी से उतर चुकी है। मोहल्ले में नालियां कूड़े से अटी हैं। कई मर्तबा तो नालियों की गंदगी सड़कों पर बहती रहती है। इसके बावजूद इस मोहल्ले में नियमित तौर पर न तो सफाई कर्मचारी आ रहे हैं और न ही मोहल्ले में साफ-सफाई हो पा रही है। ऐसे में मोहल्लावासियों ने नप अध्यक्ष से मांग की कि मोहल्ले में सफाई का जिम्मा संभालने वाले ठेकेदार को निर्देश कर मोहल्ले में रोजाना साफ-सफाई करवाई जाए। इससे लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।