जिले में 1600 विद्यार्थी आज देंगे स्वर्ण जयंती मिडिल छात्रवृत्ति परीक्षा
तैयारियां पूरी, विभाग ने बनाए 27 परीक्षा केंद्र, अभ्यर्थियों को जारी किए एडमिट कार्ड
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिला चंबा के 27 परीक्षा केंद्रों में करीब 1600 विद्यार्थी स्वर्ण जयंती मिडिल मेरिट परीक्षा देंगे। प्रारंभिक शिक्षा विभाग चंबा ने परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली हैं। विभाग ने एडमिट कार्ड के लिए लिंक संबंधित खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों को जारी किया है। विद्यार्थियों ने अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड भी कर लिए हैं। पहले यह परीक्षा 25 फरवरी को होती थी। वार्षिक परीक्षाओं के चलते इसकी तारीख बदलकर तीन मार्च की गई है। योजना के तहत छठी, सातवीं और आठवीं कक्षा तक विद्यार्थियों को क्रमश: चार हजार, पांच हजार और छह हजार रुपये छात्रवृति दी जाएगी। परीक्षा दो चरणों में होगी। पहला चरण तीन मार्च को होगा। दो चरणों के बाद टॉप 12 विद्यार्थियों को यह सौगात मिलेगी। उधर, कार्यवाहक प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक चंबा ज्ञान चंद ने बताया कि परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई है। जिले भर में 27 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।