साहो (चंबा)। ओवरलोडिंग की दलील पर बसों पर अतिरिक्त सवारियां चढ़ाने पर लगा प्रतिबंध जहां यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है तो वहीं, दूसरी तरफ हिमाचल पथ परिवहन निगम के लिए दिक्कतें खड़ी कर रहा है। इस वजह से चंबा में लोगों को आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले एक सप्ताह ग्रामीण क्षेत्रों के रूटों में अतिरिक्त बसों को चलाने की मांग कर रहे है। लेकिन हालात ऐसे हैं कि एचआरटीसी के पास जहां बसों की कमी है तो वहीं, चालक भी पर्याप्त संख्या में नहीं है। बहरहाल, ग्रामीण चक्का जाम करने के लिए मजबूर है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को भी चंबा-कैला मार्ग और चंबा कलौता मार्ग पर पलूंही और सुंगल में ग्रामीणों ने एचआरटीसी की दो बसें रोककर आंदोलन किया। चक्का जाम करते हुए ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन और एचआरटीसी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का तर्क है कि ओवरलोडिंग की दलील पर अतिरिक्त सवारियों को बसों में नही बिठाया जा रहा है। ऐसे में ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण सुमित कुमार, रोशन लाल, वीरेंद्र कुमार, सुनील कुमार, देवी चंद, परमेश कुमार, लीला देवी और उमेश कुमार ने बताया कि रूट पर पर्याप्त बसें न होने के कारण स्कूली बच्चों, कॉलेज छात्र-छात्राओं समेत नौकरीपेशा वाले लोगों को आवाजाही में दिक्कतें पेश आ रही है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि जल्द इस बारे में उचित पहल की जाए। अन्यथा इसी तरह आंदोलन जारी रहेगा।