चंबा। नगर परिषद ने चंबा शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा गारबेज कलेक्शन की स्कीम शुरू की है। लेकिन अब शहर की सड़कों किनारे कूड़े के ढेर लगना शुरू हो गए हैं। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। चंबा-करियां मार्ग पर हरदासपुरा पुली के समीप कूड़े के ढेर लगे हैं। इसके चलते यहां हर समय दुर्गंध फैली रहती है। स्थानीय लोगों ने बताया कि डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने की मुहिम सराहनीय है। मगर सड़कों के किनारे भी सफाई का ध्यान रखना जरूरी है। जिससे लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
गौरतलब है कि एक अप्रैल से नगर परिषद चंबा की ओर से शहर के 11 वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने की पहल शुरू की है। इसके तहत सफाई कर्मचारी सुबह के समय मकान मालिकों के घर में जाकर कूड़ा एकत्रित करेगा। इसकी एवज में नगर परिषद चंबा की ओर से मकान मालिकों से जहां पचास रुपये लिए जाएंगे तो वहीं दुकानदारों के लिए भी अलग से शुल्क निर्धारित किया गया है। वर्तमान में स्थिति ऐसी है कि घरों से कूड़ा तो सफाई कर्मचारी उठा रहे है। मगर सड़कों के किनारे कूड़े के ढेर लग रहे हैं। इस कारण लोगों को दिक्कतें पेश आ रही है।
रमेश कुमार, सुरेश सिंह, पवन कुमार, पूर्ण सिंह, राज कुमार, देवी चंद, अमरो राम और वीरेंद्र सिंह ने नगर परिषद चंबा से मांग की कि सड़क किनारे फेंके गए कूड़े को उठाया जाए। जिससे उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत न पेश आए।