बदलते मौसम के कारण चंबा अस्पताल
में बढ़े वायरल फीवर के मरीज
छोटे बच्चे हो रहे शिकार, स्वास्थ्य विभाग हुआ अलर्ट
शिशु वार्ड में बीमार बच्चों को दिया जा रहा उपचार
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। मौसम में बदलाव होने के साथ ही छोटे बच्चे वायरल फीवर की चपेट में आ रहे हैं। चंबा मेडिकल कॉलेज के शिशु वार्ड में रोजाना सौ बच्चे वायरल फीवर का इलाज करवाने अपने अभिभावकों के साथ पहुंच रहे हैं। कुछ बच्चों को संबंधित विशेषज्ञ ने अस्पताल में भर्ती भी किया है। जबकि ज्यादातर बच्चों को दवाई देकर घर भेजा गया है। साथ ही उन्हें घर में आराम करने के साथ साफ पानी पीने की सलाह दी जा रही है। चंबा मेडिकल कॉलेज के अलावा जिला के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में भी वायरल फीवर से ग्रसित बच्चे इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। इसको लेकर जिला प्रशासन की ओर से भी स्वास्थ्य विभाग को दिशा निर्देश दिए गए हैं।
मेडिकल कॉलेज में दो शिशु रोग विशेषज्ञ बच्चों की बीमारी का इलाज कर रहे हैं। पिछले तीन दिनों में वायरल फीवर की चपेट में आने वाले बच्चों की संख्या में इजाफा हुआ है। वायरल फीवर के मुख्य लक्षण बुखार, खांसी, जुकाम और गले में दर्द होना है। ज्यादातर छोटे बच्चे इस वायरल फीवर की चपेट में आ रहे हैं। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉक्टर विशाल महाजन ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में वायरल फीवर वाले बच्चों की संख्या में इजाफा हुआ है। बीमार बच्चों को वार्ड में हरेक सुविधा प्रदान की जा रही है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों की देखभाल करने की अपील की है।