चुवाड़ी से रायपुर के लिए बैठी सवारियों को स्टेशन से पहले उतारा
पठानकोट डिपो के बस चालक और परिचालक का कारनामा, यात्रियों में रोष
निगम से कार्रवाई की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
चुवाड़ी(चंबा)। पठानकोट-ददरियाड़ा रूट पर दौड़ने वाली एचआरटीसी की बस ने 12 सवारियों को स्टेशन आने से पहले ही उतार दिया। यह वाकया शनिवार देर शाम को पेश आया। इसके बाद यात्रियों को करीब एक किलोमीटर पैदल ही आवाजाही करनी पड़ी। यात्रियों ने इस मामले की शिकायत क्षेेत्रीय प्रबंधक से कर दी है। यात्रियों ने मांग की है कि चालक-परिचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। प्राप्त जानकारी के अनुसार सवारियां रायपुर स्टेशन की थी। लेकिन चालक व परिचालकों ने सवारियों को रायपुर घट्टू के समीप ही उतार दिया। यहां से रायपुर करीब एक किलोमीटर दूर है। जब सवारियों ने चालक-परिचालक से रायपुर बस न जाने का कारण पूछा तो बदतमीजी पर उतारु हो गए और गाड़ी ले गए। गौरतलब है कि पठानकोट-ददरियाड़ा रूट पर निगम की बस दौड़ती है। यह बस पठानकोट से दोपहर साढ़े तीन बजे रवाना हुई और साढ़े छह बजे चुवाड़ी पहुंची। यहां करीब 12 यात्रियों ने रायपुर के लिए बस में टिकट ली लेकिन रायपुर से एक किलोमीटर ही सवारियों को उतार दिया गया। इस पर यात्रियों ने रोष प्रकट किया।
बस से उतारे गए यात्रियों में नंद किशोर पाठक, वीरेंद्र कुमार, राज कुमार, कमल कुमार, सुरिंद्र कुमार, राम दर्शन, बिमला देवी, नितिन शर्मा, प्रवीण शर्मा, विपुल शर्मा, जोगिंद्र कुमार शर्मा, अंजना का कहना है कि रायपुर तक मार्ग बिल्कुल ठीक है। उन्हें करीब एक किलोमीटर पैदल आवाजाही करनी पड़ी। उन्होंने आरएम चंबा से मांग की है कि इस मामले में उचित कार्रवाई की जाए।
क्षेत्रीय प्रबंधक पठानकोट वीरेंद्र सिंह का कहना है कि इस मामले बारे शिकायत मिली है। चालकों व परिचालकों से जवाब मांगा जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।