चंबा। जिले में बुधवार को पहाड़ी कबाइली क्षेत्रों समेत डलहौजी और खज्जियार की पहाड़ियों पर बर्फबारी हुई जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश हुई है। मौसम में अचानक आए इस बदलाव के बाद पूरा जिला कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गया है। पर्यटन नगरी डलहौजी में इस वर्ष की पहली बर्फबारी हुई है। हल्की बर्फबारी के बाद डलहौजी में शीत लहर का प्रकोप जारी है। जिले की ऊपरी चोटियों समेत निचले क्षेत्र के कुछ गांवों में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। वहीं, बुधवार अल सुबह भरमौर, डलहौजी, तीसा, किहार, सलूणी निचले गांवों में बर्फबारी हो जाने से कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। वहीं, पर्यटन नगरी डलहौजी और खज्जियार में बर्फ देखने की चाह लेकर आने वाले पर्यटकों की भी मुराद पूरी हो गई है। पर्यटन स्थलों में बर्फबारी होने से देश विदेश से आए सैलानियों ने खूब अठखेलियां की।
पांगी और भरमौर में भारी हिमपात, घरों में दुबके लोग
पांगी(चंबा)। कबायली क्षेत्र पांगी के अधीन आने वाली साच पास धार, चैहणी धार, चस्क धार, नाग टेंठ धार में एक फीट, ऊपरी गांवों में हुडान भटोरी, चस्क भटोरी, सुराल भटोरी में आधा फीट बर्फबारी दर्ज की गई है। जबकि बुधवार सुबह किलाड़, पुर्थी, मिंधल, साच, फींडरू, फिंडधार में चार इंच तक बर्फबारी हुई है। क्षेत्र में बर्फबारी होने से लोग घरों में ही दुबक कर बैठने को मजबूर हैं।
भरमौर उपमंडल की ऊपरी चोटियों डलझील, मणिमहेश, काली छौ, कुगति में डेढ़ फीट तक बर्फबारी हुई है। वहीं, तहसील मुख्यालय भरमौर और साथ लगते गांव संयूई, बाड़ी, रजौर, सांदी, बलमूई, ऊपरी कुगति, निचली कुगति, चौबिया, चिहाणी, बलमुई, सुप्पा, गरिमा, बल, उलांसा, गुवाड़ी आदि गांवों में बुधवार सुबह दो-दो इंच ताजा हिमपात हुआ है। बर्फ के निचले क्षेत्रों में पहुंचने से भरमौर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इसके अलावा रूहणूकोठी, छतराड़ी, घटौर, कवारसी, जालसू में बर्फबारी के बाद लोग घरों में ही दुबक कर बैठने को मजबूर हैं। वहीं पर्यटन नगरी खज्जियार की ऊपरी पहाड़ियों समेत खज्जियार-लक्कमंडी वाया डलहौजी मार्ग, पौहलाणी माता, चंबा-जोत मार्ग पर चार-चार इंच तक बर्फबारी हुई है।