चंबा। ग्राम पंचायत गुवाड़ में वोल्टेज बढ़ने से ट्रांसफार्मर समेत लोगों के घरों में रखे बिजली उपकरण जल गए। इसके साथ ही पेटी, लखली, सगला, मधिकोट और थनेटा गांव में बिजली सप्लाई बाधित हो गई है। गनीमत रही वोल्टेज बढ़ने से कोई भी व्यक्ति करंट की चपेट में नहीं आया। अन्यथा जानी नुकसान भी हो सकता था।
वहीं बिजली सप्लाई बंद होने लोगों को अंधेरे में दिवाली मनानी पड़ी। वोल्टेज बढ़ने से लोगों के घरों में टीवी, हीटर, फ्रिज और अन्य उपकरण जले। स्थानीय निवासी अजय कुमार, जितेंद्र कुमार, धर्म चंद, अनिल कुमार, राकेश कुमार और राजेश कुमार का कहना है कि इससे पहले भी यहां ट्रांसफार्मर में दिक्कत आ चुकी है।
पहले भी वोल्टेज बढ़ने से लोगों के घरों में बिजली मीटर जल गए थे। इसके बाद भी समस्या का स्थायी हल नहीं हुआ। उन्होंने बिजली बोर्ड से समस्या हा स्थायी हल मांगा है। इसके साथ ही लोगों को हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है। बिजली बोर्ड सहायक अभियंता हरी सिंह ने बताया कि उनके ध्यान में यह मामला आया है। कर्मचारियों को बंद पड़ी बिजली सप्लाई बहाल करने को भेज दिया गया है।