अंधेरे में डूबे रजिंडू और परौथा पंचायतों के आधा दर्जन गांव
मौसम खराब होने के बाद ट्रांसफार्मर में आई तकनीकी खराबी से बंद पड़ी सप्लाई
बिजली नहीं होने से ठंड में ठिठुरने को मजबूर क्षेत्र की आबादी
अमर उजाला ब्यूरो
साहो (चंबा)। ग्राम पंचायत रजिंडू के तहत बिन्नू में विद्युत बोर्ड के ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने से दो पंचायतों के सात गांवों में पिछले 22 घंटों से बिजली की आपूर्ति बंद पड़ी है। शुक्रवार शाम छह बजे मौसम के खराब होने के बाद अचानक गांवों में बिजली आपूर्ति गुल हो गई। नतीजतन, ग्रामीणों को शुक्रवार की रात अंधेरे में ही गुजारनी पड़ी। वहीं, सूचना मिलते ही विद्युत बोर्ड के कर्मचारी शनिवार को ट्रांसफार्मर में आई तकनीकी खराबी ठीक करने कार्य में जुट गए हैं। वहीं, बोर्ड अधिकारी ने साफ किया है कि अगर ट्रांसफार्मर किन्हीं कारणों से जल गया होगा तो गांवों को दूसरे ट्रांसफार्मर से बिजली की सप्लाई प्रदान करवा दी जाएगी।
बिजली जाने से ग्राम पंचायत रजिंडू के डिकलेरी, बिन्नू प्रथम, द्वितीय, गल, खरगा, द्रोबी और ग्राम पंचायत परौथा के गांव परौगा और धनग्रां अंधेरे में डूब गए हैं। वहीं, परौथा पंचायत के तहत आते परौगा और धनग्रा में 150 परिवारों को भी अंधेरे में ही रातें गुजारनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने बिजली की आपूर्ति को सुचारू करवा लोगों की समस्याओं का समाधान करवाने की मांग उठाई है। ग्रामीण महिंद्र कुमार, आसो राम, जोगेंद्र, कैलाश चंद, प्रकाश चंद, देसराज, अनु कुमार, धर्मेंद्र कुमार, मनु, अशोक कुमार, कर्म चंद और कामेश्वर का कहना है कि शुक्रवार शाम छह बजे के बाद से लेकर शनिवार दोपहर बाद तक क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति सुचारू नहीं हो पाई है। बिजली की आपूर्ति नहीं होने से उन्हें शुक्रवार की रात अंधेरे में ही गुजारनी पड़ी है।
इनसेट
विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता हरी सिंह ने बताया कि बिन्नू गांव में लगे ट्रांसफार्मर की जांच करवाने के लिए कर्मचारियों को भेजा गया है। अगर किसी कारणवश ट्रांसफार्मर खराब हो गया होगा तो गांवों को 100 केबी क्षमता की दूसरी ट्रांसफार्मर से बिजली की सप्लाई प्रदान करवाई जाएगी।