चंबा। कबायली क्षेत्र पांगी के भटोरी के स्टोर निर्माण बिल की राशि भुगतान की एवज में एक लाख 30 की रिश्वत लेने वाले आरोपित जेई को शुक्रवार को न्यायाधीश के समक्ष पेश किया गया। जहां से आरोपित जेई को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। अब पुलिस रिमांड के दौरान आरोपित जेई से गहनता से पूछताछ की जाएगी।
प्राप्त जानकारी अनुसार पांगी में पंचायत भवन भटोरी के स्टोर के निर्माण की बिल राशि का भुगतान करने को एक लाख तीस हजार की रिश्वत लेते हुए विजिलेंस टीम धर्मशाला ने बीडीओ कार्यालय किलाड़ के जेई को बीते बुधवार गिरफ्तार किया। जीवन सिंह पुत्र राम नाथ निवासी हुडान भटोरी ने विजिलेंस को सूचना दी कि बीडीओ कार्यालय किलाड़ में तैनात जेई पंचायत भवन के स्टोर के निर्माण की धनराशि को जारी करने की एवज में एक लाख तीस हजार की रिश्वत मांग रहा है। इसको लेकर विजिलेंस टीम ने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाकर बुधवार को संबंधित जेई को रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए पकड़ा। जेई ने पचास हजार कैश व 80 हजार का चेक लिया। जिसके ऊपर उसकी उंगलियों के निशान भी पाए गए हैं। जिसके बाद विजिलेंस टीम ने जेई को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। वीरवार को विजिलेंस और पुलिस की टीम आरोपित जेई को लेकर जिला मुख्यालय चंबा के लिए रवाना हुई। शुक्रवार को आरोपित जेई को न्यायाधीश के समक्ष पेश किया गया। जहां पर आरोपित जेई को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
सीनियर पुलिस अधीक्षक विजिलेंस धर्मशाला बिमला गुप्ता ने बताया कि पांगी में बीडीओ कार्यालय में एक लाख तीस हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़े गए जेई को शुक्रवार को न्यायाधीश के समक्ष पेश किया गया। जहां से उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।