चंबा। जिला मुख्यालय के साथ लगते मुगला मोहल्ला में स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब हैं। इस कारण मोहल्लावासियों को रात के समय अंधेरे में आवाजाही करनी पड़ती है। हालांकि खराब स्ट्रीट लाइटों के बारे में नप को कई बार अवगत करवाया जा चुका है। इसके साथ ही शिकायत रजिस्टर पर भी शिकायत दर्ज करवाई गई है। इसके बाद भी नप ने खराब लाइटों को ठीक करवाने के लिए कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई है। इससे लोगों में भारी रोष है।
शिव मंदिर के पास कोट मोहल्ला को जाने वाली गली में लगी स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब हैं, लेकिन नगर परिषद ने स्ट्रीट लाइटों को ठीक नहीं करवाया है। ऐसे में लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय निवासी जोगिंद्र सिंह, बबलू, प्रवीण कुमार, शुभम, सुनील कुमार, प्यार सिंह, प्रदीप कुमार, विजय और अविनाश ने बताया कि स्ट्रीट लाइटें बंद होने के कारण मोहल्ले में रात को अंधेरा पसरा रहता है। इस कारण लोगों को आवाजाही में काफी परेशानियां आती हैं। उन्होंने नगर परिषद से मांग की है कि मोहल्ले में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को जल्द ठीक किया जाए। नगर परिषद अध्यक्ष नीलम नैय्यर ने बताया कि मुगला मोहल्ला में जल्द ही स्ट्रीट लाइटों को ठीक करवा दिया जाएगा।