अमर उजाला ब्यूरो, चंबा। खत्री सभा की बैठक शनिवार को जिला मुख्यालय में हुई। अध्यक्षता अध्यक्ष नरेंद्र पुरी ने की। बैठक में शहर के ज्वलंत मुद्दों को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान शहर में पार्किंग समस्या के बारे में विचार विमर्श किया गया। सभा का कहना है कि चंबा शहर में पार्किंग का अभाव होने के चलते खासकर मेडिकल कॉलेज के समीप काफी परेशानी लोगों को उठानी पड़ती है।
सभा का कहना है कि पार्किंग के लिए बजट का भी प्रावधान हो चुका है, लेकिन अभी तक इस बजट का प्रयोग नहीं किया गया है। इसके चलते शहर में पार्किंग स्थलों के अभाव के चलते जाम लग रहा है। बैठक में चंबा से करिया तक मुद्रिका बस सेवा को लेकर भी चर्चा की गई। सभा के पदाधिकारियों ने बताया कि पहले चंबा से करियां तक मुद्रिका बस सेवा का प्रावधान था। अब नए बस स्टैंड का निर्माण होने के बाद यह सुविधा समाप्त कर दी गई है।
इसके चलते मरीजों, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पहले हरदासपुरा से चंबा का किराया तीन रुपये था, लेकिन अब हरदासपुरा से भरमौर चौक तक किराया तीन रुपये से बढ़ाकर पांच रुपये कर दिया गया है। भरमौर चौक से चंबा तक का किराया भी तीन रुपये कर दिया है।
ऐसे में चंबा तक पहुंचने के लिए लोगों को आठ रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। सभा के पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि पुराने बस स्टैंड से हरदासपुरा, मुगला और करियां तक मुद्रिका बस सेवा शुरू की जाए तथा न्यूनतम किराया भी निर्धारित किया जाए। बैठक में संजीव धवन, सुरिंद्र विज, शिवदत्त दियोड़, यदू चौणा, चेतन मरवाह, सुदर्शन नैयर, मेजर एससी नैयर, योगराज पुरी, कर्ण सिंह पुरी, अशोक विज समेत अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।