अमर उजाला ब्यूरो
तीसा (चंबा)।
चुराह उपमंडल की ग्राम पंचायत खजुआ में पिछले सात दिनों से बिजली बंद पड़ी हुई है। इसके चलते ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि सात दिन पहले यहां बिहाली के समीप लगा ट्रांसफार्मर जल गया है। इसके चलते उक्त पंचायत के आधा दर्जन गांवों में बिजली आपूर्ति ठप है। ग्रामीणों ने बताया कि इस बारे वे बिजली बोर्ड से समस्या हल करने की मांग कर चुके हैं। अभी तक समस्या हल नहीं हो पाई है। इस बात को लेकर ग्रामीणों में काफी रोष है। बिहाली में लगा ट्रांसफार्मर जल जाने के चलते खजुआ, खजुआ-2, बिहाली, शलाल व बाड़ा में बिजली गुल है। बिजली गुल होने के चलते जहां ग्रामीणों को दिक्कतें पेश आ रही है तो वहीं, रात के समय स्कूली विद्यार्थी होम वर्क भी नहीं कर पा रहे हैं। गृहिणियों की दीये की लौ के बीच खाना बनाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों रमेश कुमार, सुरेंद्र सिंह, देस राज और प्रीतम चंद ने बताया कि वे एक सप्ताह से रातें और दिन अंधेरे में काट रहे हैं। ग्रामीणों ने बिजली बोर्ड से मांग की है कि जल्द से जल्द जले हुए ट्रांसफार्मर की जगह नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाए।
....
बिजली बोर्ड को दी सूचना : गुलशन बेगम
स्थानीय पंचायत प्रधान गुलशन बेगम ने बताया कि बिजली गुल होने की समस्या बारे बिजली बोर्ड को अवगत करवा दिया है। उम्मीद है कि जल्द ही बिजली बोर्ड समस्या को हल करेगा।
....
नया ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा: रोशन लाल
बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता रोशन लाल ने बताया कि इस बारे उन्हें जानकारी है। नए ट्रांसफार्मर की मांग की गई है। जल्द ही नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया जाएगा।