चंबा। विकास खंड चंबा के तहत 150 पात्र लोगों का अपना आशियाना बनाने का सपना साकार होगा। इसके लिए ब्लॉक कार्यालय ने प्रयास शुरू कर दिए हैं। प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना के तहत यह सौगात पात्र परिवारों को मिलेगी। योजना के तहत पात्र व्यक्ति को सरकार की ओर से डेढ़ लाख रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।
ब्लॉक कार्यालय चंबा ने इसके लिए पात्र परिवारों की सूची भी तैयार कर ली है। इसके साथ ही इस बारे में औपचारिकताएं पूरी की जा रही है। योजना के तहत पात्रों की सूची वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर की गई है। सरकार की इस योजना का मकसद गरीब लोगों को मकान मुहैया करवाना है।
जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत दी जाने वाली राशि में सरकार ने बढ़ोतरी की है। अब चालू वित्त वर्ष के डेढ़ लाख रुपये की राशि मकान बनाने के लिए दी जाएगी। जबकि इससे पहले एक लाख तीस हजार रुपये की राशि दी जाती थी। सरकार ने लोगों के मकान बनाने के सपने को पूरा करने के लिए इस राशि में बढ़ोतरी की है।
इससे लोगों को मकान निर्माण में आसानी होगी। जिला ग्रामीण विकास अभिकरण ने बीते दिनों हुई बैठक में प्रशासन के समक्ष रिपोर्ट प्रस्तुत की थी। विकास खंड अधिकारी चंबा पीसी ठाकुर ने खबर की पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 150 परिवारों का चयन किया गया है। तीन किस्तों में यह पैसा आवंटित किया जाएगा। योजना की निगरानी भी की जाएगी, जिससे सरकारी पैसों का दुरुपयोग न हो सकें।