पांगी के दो दर्जन गांव सात दिन से अंधेरे में
ग्रामीणों को दीये की रोशनी में गुजारनी पड़ रहीं सर्द रातें
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। जनजातीय क्षेत्र पांगी के दो दर्जन गांव सात दिन से अंधेरे में डूबे हैं। क्षेत्र के रेई, थांदल, तरे ग्रां, कुलाल, साहली, धनाला, सेचू नाला, चस्क भटोरी, मुर्छ, सूण, हिलटवान, उदीन और मांझी में बिजली सप्लाई बाधित पड़ी है। तीन फीट बर्फ में लोगों को जिंदगी जीने में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों को रात में अपने घरों में रोशनी करने के लिए दीये जलाने पड़ रहे हैं, जबकि महिलाओं को खाना भी दीये की रोशनी में ही बनाना पड़ रहा है। बोर्ड लोगों को बिजली मुहैया करवाने में असफल हो रहा है। ग्रामीणों में चैन सिंह, राकेश कुमार, चैन लाल, सुरेंद्र, टेक चंद, रवि कुमार, हरीश कुमार, वीरेंद्र, मान सिंह और अजय कुमार ने बताया कि पांगी क्षेत्र अति दुर्गम है। ऐसे में बिजली और पानी की सप्लाई बाधित होने से ग्रामीणों की मुश्किलें ओर बढ़ गई हैं। उन्होंने पांगी प्रशासन, बिजली बोर्ड से विद्युत आपूर्ति बहाल करने की गुहार लगाई है। बोर्ड के सहायक अभियंता सोभिया राम ने बताया कि बोर्ड के कर्मचारी बंद पड़ी बिजली सप्लाई को बहाल करने में जुटे हुए हैं। जल्द ही बिजली सप्लाई बहाल करवाई जाएगी।