चंबा। उपायुक्त हरिकेश मीणा ने नगर एवं ग्राम नियोजन के नियमों की अवहेलना करके निर्माण कार्य करने को लेकर डलहौजी के चार भवन मालिकों को नोटिस जारी किए हैं। यह नोटिस 22 मार्च को जारी हुए हैं।
हिमाचल प्रदेश नगर एवं ग्राम नियोजन एक्ट 1977 के तहत जारी नोटिस के मुताबिक अगर नोटिस प्राप्त होने के 15 दिन के भीतर संबंधित भवन मालिकों ने नोटिस के निर्देशों पर अमल नहीं किया तो एक्ट में दिए गए प्रावधानों के मुताबिक उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
उपायुकत ने जिन भवन मालिकों को नोटिस जारी किए हैं, उसमें उमा, अंजना सेठ, संजय महाजन और रविंद्र कुमार शामिल हैं। यह नोटिस एक्ट की धारा 39 की उपधारा (1) के तहत जारी किए गए हैं।
नोटिस की प्रतियां नगर परिषद डलहौजी की कार्यकारी अधिकारी के अलावा अधिशासी अभियंता सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग, अधिशासी अभियंता बिजली बोर्ड और तहसीलदार डलहौजी को भी भेजी गई हैं।