अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। जिले भर के रसोई गैस उपभोक्ताओं के कनेक्शन की जल्द ही घर-घर जाकर जांच की जाएगी। इसमें रसोई गैस की बारीकी से पड़ताल की जाएगी ताकि किसी भी तरह की खामी होने पर उसे मौके पर ही दुरुस्त किया जा सके। उपभोक्ताओं की सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए इंडियन ऑयल कारपोरेशन ने इस अभियान को शुरू करने का फैसला लिया है। चेकिंग के दौरान इंडियन आयल कारपोरेशन के कर्मचारी गैस धारकों का एक फार्म भरेंगे। इसके माध्यम से किसी भी प्रकार की दुर्घटना होने पर प्रभावित परिवार को 30 लाख रुपये का बीमार दिया जाएगा। इसकी वैद्यता दो वर्ष रहेगी। इसके बाद दोबारा निरीक्षण करने पर इस तरह के फॉर्म को भरा जाएगा।
गौरतलब हो कि जिले में हजारों की संख्या में रसोई गैस धारक हैं। कई मर्तबा रसोई गैस चूल्हों, गैस सिलेंडर और उनकी पाइप में आने वाली छोटी सी तकनीकी खराबी बड़े हादसे का कारण बन जाती है। इतना ही नहीं, जिले के अधिकांश रसोई गैस धारकों और लोगों को इस बात का पता तक नहीं है कि रसोई गैस कनेक्शन लेने पर रसोई गैस धारक का तीस लाख रुपये का बीमा होता है। ये बीमा इंडियन आयल कारपोरेशन करता है। इसके तहत जिले की विभिन्न गैस एजेंसियों के साथ मिलकर इंडियन ऑयल कारपोरेशन से यह अभियान चलाएगी। चेकिंग के लिए इंडियन ऑयल कारपोरेशन के कर्मचारी गैस धारकों के घरों में पहुंचकर गैस कनेक्शनों, सिलेंडरों और गैस पाइप की जांच करेंगे। इस दौरान गैस कनेक्शन में रहने वाली किसी भी प्रकार की कमी को दूर करने के बारे में गैस धारकों को भी अवगत करवाया जाएगा।
घरेलू गैस धारक अभय कुमार, नरेश कुमार, कपिल कुमार, संजय कुमार, रामेश कुमार, संजीव कुमार, दलीप कुमार और योगराज का कहना है कि जिले में हजारों रसोई गैस धारक हैं। ऐसे में इंडियन ऑयल कारपोरेेशन का यह निर्णय उचित है। इससे जहां रसोई गैस धारक रसोई गैस कनेक्शनों की बारीकियों से अवगत होंगे तो वहीं, लोगों को कारपोरेशन से मिलने वाले बीमा के बारे भी जानकारी मिलेगी। इंडियन ऑयल कारपोरेेशन के इंचार्ज संतोष कुमार और वरुण चौधरी ने बताया कि गैस कनेक्शन के चेकिंग बाद उपभोक्ता से एक फार्म भरा जाएगा। फार्म में कनेक्शन के दौरान रहने वाली खामियों को दूर करने बारे में गैस धारक को सूचित किया जाता है। उन्होंने कहा कि ये फार्म दो वर्षों के लिए भरा जाएगा। फार्म भरने के बाद गैस धारक का तीस लाख का बीमा होगा। पराशर गैस एजेंसी के प्रबंधक राजू ने कहा कि इंडियन ऑयल कारपोरेशन के कर्मचारियों ने एजेंसी के अधीन आने वाले गैस धारकों के गैस कनेक्शनों की चेकिंग की जा रही है। ये चेकिंग लोगों की सुरक्षा के लिहाज से उचित कदम है। फार्म भरने के बाद गैस धारक का तीस लाख का बीमा होता है।