अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। पेपर लेस लोन के नाम पर झूठा झांसा देकर लोगों से ठगी की कोशिश की जा रही है। इसमें लोगों को ई-मेल और मोबाइल पर मेसेज भेजा जा रहा है। मेसेज में साफ किया जा रहा है कि उनके बैंक अकाउंट नंबर पर पेपर लैस लोन स्वीकृत हो चुका है। इस लोन को प्राप्त करने के लिए उन्हें बैंक अकाउंट नंबर बताना होगा। जो लोग इन झूठे मेसेज के झांसे में आकर अकाउंट नंबर बता देते हैं। उनके अकाउंट से पैसे निकाल लिए जाते हैं। इसके बारे में अकाउंट होल्डर को तब पता चलता है, जब उसे बैंक से पैसे निकालने का मेसेज आता है। इस प्रकार के कार्य को अंजाम देने वाला गिरोह काफी समय से सक्रिय है। जो मेसेज के अलावा फोन करके भी लोगों के साथ ठगी को अंजाम दे रहा है। लोगों को फोन किया जाता है कि उनके एटीएम कार्ड की वेरिफिकेशन की जा रही है। इसके लिए उन्हें एटीएम नंबर बताना होगा। कई लोग इस झांसे में आ चुके हैं। इसके बाद उनके अकाउंट से हजारों रुपये निकाले भी जा चुके हैं। इसको लेकर पुलिस में भी शिकायतें दर्ज हैं। मगर अभी तक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश नहीं हो पाया है। पुलिस और बैंक प्रबंधन लोगों को समय-समय पर जागरूक करते हैं कि इस प्रकार के मेसेज करने वालों के झांसे में न आए। बैंक से जुड़ी कोई भी जानकारी किसी को भी नहीं दें। स्थानीय निवासी अजय कुमार, चैन लाल, अशोक कुमार, चैन सिंह, मान सिंह, रूप लाल, देवी प्रसाद, ज्ञान चंद और रमेश कुमार ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग की है कि इस प्रकार का गिरोह चलाने वालों को पकड़कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
ऐसे मेसेज आने पर करें डीलिट : महिंद्र सिंह
लीड बैंक के कार्यकारी प्रबंधन महिंद्र कुमार ने बताया कि बैंक ग्राहक को पेपर लैस लोन और अन्य किसी प्रकार के मेसेज नहीं करता है। ऐसे मेसेज आने पर तुरंत डिलीट कर दें।