चंबा। जिले में तीन लाख लोगों की स्क्रीनिंग करने पर 14 नए टीबी के रोगी मिले हैं। पौने तीन लाख अन्य लोगों की स्क्रीनिंग का अभियान जारी है। स्वास्थ्य खंड चूड़ी, समोट और किहार में सर्वाधिक तीन-तीन नए मामले सामने आए हैं। इन खंडों में टीबी मरीजों की संख्या अन्य खंडों की तुलना में अधिक है। इसके पीछे का कारण यहां का रहन-सहन और खान-पान भी हो सकता है।
स्वास्थ्य खंड तीसा और भरमौर में दो-दो नए टीबी के मरीज सामने आए हैं जबकि भरमौर में अभी तक एक नया टीबी का मामला सामने आया है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीमें रोजाना लोगों के घरों में जाकर टीबी संभावित लक्षणों वाले मरीजों की पहचान करके उनके बलगम का सैंपल ले रही हैं। इस सैंपल को सरकारी लैब में जांच करके टीबी की पहचान की जा रही है। दो अक्तूबर तक स्वास्थ्य विभाग अपने तय लक्ष्य के अनुसार लोगों की स्क्रीनिंग करेगा।
लोगों को टीबी बीमारी के प्रति जागरूक करने के लिए विभाग ग्रामीण क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटक भी करवा रहा है। इसमें कलाकार टीबी रोग होने के कारण और उसके बचाव के बारे में लोगों को जानकारी दे रहे हैं।
जिले के 10 टीबी रोगियों को तीन निजी समाज सेवी संस्थाओं ने गोद लिया है। इन मरीजों की देखभाल और उनके पोषण का जिम्मा ये संस्थाएं उठाएंगी। हिमोत्कर्ष, स्पार्क और इंस्पीरेशन संस्था ने अभी तक टीबी रोगियों को गोद लेने में अपने हाथ आगे बढ़ाए हैं जबकि विभाग जिले की अन्य समाज सेवी संस्थाओं से भी संपर्क साध रहा है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉक्टर हरित पुरी ने बताया कि स्क्रीनिंग अभियान में अब तक 14 नए टीबी के मरीज सामने आए हैं। पौने तीन लाख लोगों की स्क्रीनिंग का कार्य प्रगति पर है।