चंबा। किराये की अदायगी नहीं करने पर नगर परिषद चंबा ने दुकानदारों के बिजली कनेक्शन काटने शुरू कर दिए हैं। इसके तहत मंगलवार को राजीव गांधी कांप्लेक्स के 14 दुकानदारों के बिजली कनेक्शन काट दिए गए हैं। नगर परिषद चंबा के बिजली बोर्ड प्रबंधन को लिखे पत्र के बाद बोर्ड ने ये कार्रवाई अमल में लाई है। नगर परिषद चंबा को दुकानदारों से किराये के रूप में करीब 22 लाख रुपये की अदायगी करनी है।
इस कार्रवाई के बाद डिफॉल्टर कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। बताते चलें कि शहर के मुख्य बाजार, राजीव गांधी कांपलेक्स, कसाकड़ा, हटनाला, बालू, शीतला ब्रिज और सुल्तानपुर परिक्षेत्र में नगर परिषद की दुकानें हैं।
नगर परिषद चंबा ने दुकानदारों को यह दुकानें किराये पर आवंटित की है। बावजूद इसके शहर के कई दुकानदार लंबे समय से नगर परिषद चंबा को किराये की अदायगी नहीं कर रहे हैं। इसको देखते हुए नप चंबा ने ऐसे दुकानदारों पर नकेल कसना शुरू कर दिया है। सूत्रों की मानें तो 22 लाख की रिकवरी केवल राजीव गांधी कांपलेक्स के दुकानदारों से शेष है।
नप चंबा अध्यक्ष नीलम नैयर ने बताया कि दुकानदारों को कई बार नोटिस जारी कर समय पर दुकान के किराये की अदायगी करने के बारे में आगाह किया गया था। बावजूद इसके उन्होंने इसे हल्के में ही लिया। ऐसे में अब नप चंबा ने दुकानदारों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को बोर्ड ने दुकानों के बिजली कनेक्शन काट दिए हैं।