चंबा। जिले में बुधवार को 14 संपर्क मार्गाें पर वाहनों की आवाजाही बहाल हुई, जबकि 60 गांवों में अभी भी अंधेरा पसरा हुआ है। 12 ट्रांसफार्मर अभी भी बाधित चल रहे हैं। 12 ही मार्गों को बहाल करने के लिए लोक निर्माण विभाग की मशीनरी जुटी हुई है। भारी बारिश के कारण 19 पेजयल परियोजनाएं प्रभावित हो गई है। जल शक्ति विभाग इन पेयजल परियोजनाओं को बहाल करने के लिए प्रयासरत है। जानकारी के अनुसार जिला चंबा के भरमौर क्षेत्र में पांच, तीसा में दो, चंबा, डलहौजी और सलूणी में एक-एक ट्रांसफार्मर बाधित है, जबकि बंद पड़े 26 मार्गाें में से 14 मार्गों पर वाहनों की आवाजाही सुचारू हो गई है।
हालांकि, इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने मार्ग बहाल होने के बाद एडवाइजरी जारी की है। खराब मौसम के दौरान लोग सफर करते वक्त आवाजाही बरतें। दो दिन से जिला में सुबह से ही बारिश का दौर जारी है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्का हिमपात होने के बाद समूचा जिला चंबा प्रचंड ठंड की चपेट में आ गया है। लोगों की मानें तो इस बार सर्दी का मौसम अक्तूबर के दूसरे सप्ताह में शुरू हो गया है। ऐसे में इस बार सर्दी की अवधि लंबी हो सकती है।
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बताया कि मौसम विभाग के अनुमानुसार जिला में बारिश हुई है। कहा कि जनजीवन सामान्य हो रहा है। कहा कि विभागीय मशीनरी फील्ड में जुटी हुई है।