बालू सिविल सप्लाई के गोदाम में भरे खाद्य पदार्थों के सैंपल
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने किया निरीक्षण
सैंपलों को जांच के लिए निदेशालय की लैब में भेजेगा विभाग
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग चंबा की टीम ने बालू स्थित सिविल सप्लाई के गोदाम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विभागीय टीम ने तीन खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे। इन सैंपलों को एकत्रित कर विभागीय टीम शिमला स्थित निदेशालय की लैब में भेजेगी। जांच में यदि सैंपल मानकों से परे पाए जाते हैं तो संबंधित फर्म के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग की टीम की दबिश से क्षेत्र में हड़कंप का माहौल रहा। विभाग की ओर से सैंपल एकत्रित करने का मुख्य उद्देश्य यह है कि राशन कार्ड उपभोक्ताओं को दिए गए राशन की जांच की जा सके, ताकि निम्न स्तर के खाद्य पदार्थ उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को प्रभावित न कर सकें।
जानकारी के अनुसार विभागीय टीम ने बालू बाजार स्थित सिविल सप्लाई गोदाम में दबिश दी। इस दौरान टीम की अगुवाई जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक विजयेंद्र नरयाल ने की। निरीक्षण के दौरान विभागीय निरीक्षक सौरभ वशिष्ट भी मौजूद रहे। इस दौरान विभागीय टीम ने उड़द की दाल, मूंग की दाल और चने की दाल के सैंपल भरे। इन्हें अब जांच के लिए शिमला स्थित विभागीय प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। इसके बाद विभाग आगामी कार्रवाई करेगा।
तीन दालों के भरे हैं सैंपल
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक चंबा विजयेंद्र सिंह नरयाल ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान मूंग, चने और उड़द की दाल के सैंपल एकत्रित किए गए हैं। कहा कि सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।